सोशल संवाद/राँची: लालपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में लालपुर थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3)/305(a) के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर सोने-चाँदी के आभूषणों के साथ 31,000 रुपये नकद की चोरी कर ली थी।

ये भी पढे : यात्रियों को खुन की आंशु रूला कर चक्रधरपुर रेलमंडल मालढुलाई मे देश के चौथै स्थान पर रहा।
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के निर्देशन में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की गहन जांच करते हुए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर विक्की कुमार (23 वर्ष), निवासी एदलहातु, मोराबादी, थाना बरियातु, जिला राँची को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए आभूषण एवं नकदी बरामद कर लिए गए। आगे की कार्रवाई में उसके सहयोगी किशन कुजूर (लगभग 22 वर्ष), निवासी एदलहातु, मोराबादी, रोड नंबर 7, थाना बरियातु, जिला राँची को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।









