सोशल संवाद/जमशेदपुर : शिक्षा विभाग ने प्लस-2 और उच्च विद्यालयों में तैनात लिपिकों की प्रोन्नति का रास्ता साफ कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद विभाग ने पूर्वी सिंहभूम जिले के 152 लिपिकों की प्रोन्नति के लिए औपबंधिक वरीयता सूची जारी कर दी है।

यह भी पढे : Sona Devi University: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कीताडीह गांव में चला जन-जागरूकता कार्यक्रम
इससे संबंधित लिपिकों के प्रधान लिपिक या उच्च वर्गीय लिपिक बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ने से वर्षों से प्रोन्नति की उम्मीद लगाए कर्मचारियों में खुशी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी की ओर से जारी द्वितीय औपबंधिक वरीयता सूची में कुल 152 लिपिकों को शामिल किया गया है। इनमें सामान्य कोटि के 44, अनुसूचित जनजाति के 64, अनुसूचित जाति के छह, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के छह और पिछड़ा वर्ग के 32 लिपिक शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रकाशित द्वितीय औपबंधिक वरीयता सूची पर किसी लिपिक को आपत्ति या दावा है तो वह 17 अगस्त 2026 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। संबंधित लिपिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आपत्ति कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है। प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने से विद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है। विभाग के निर्देश के बाद संबंधित कर्मचारी वरीयता सूची और दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज की जा सके और प्रोन्नति की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सके









