सोशल संवाद/जमशेदपुर : मकर संक्रांति एवं टूसू पर्व के दौरान शहर की सड़कों पर उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। आगामी 14 एवं 15 जनवरी को शहर में सुबह चार बजे से लेकर रात 11 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्णतः रोक रहेगी, हालांकि यात्रियों की सुगमता के लिए बसों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
ये भी पढे : झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में ट्विटर अभियान, हजारों ट्वीट्स के साथ बना राष्ट्रीय मुद्दा
लौहनगरी में मकर संक्रांति और टूसू पर्व का विशेष महत्व है, जिसके चलते शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और नदी घाटों पर जनसैलाब उमड़ पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने संयुक्त रूप से आदेश जारी कर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक 14 जनवरी को सुबह चार बजे से रात्रि 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन शहर में पूरी तरह वर्जित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध अगले दिन भी ज्यों का त्यों लागू रहेगा। 15 जनवरी को भी सुबह चार बजे से लेकर रात्रि 11 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पाबंदी होगी।
त्योहार के उत्साह में खलल न पड़े और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। राहत की बात यह है कि इस नो एंट्री के दायरे से बस सेवा को बाहर रखा गया है, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने यातायात पुलिस को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय अवधि के दौरान आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। शहर की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि प्रतिबंधित समय में कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश कर यातायात व्यवस्था को बाधित न कर सके।










