---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

कार्यपालक अभियंता व नाजीर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 24 घंटे की भूख हड़ताल, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
कार्यपालक अभियंता व नाजीर की गिरफ्तारी की मांग

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / चक्रधरपुर : पथ प्रमंडल मनोहरपुर के कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार सुमन एवं नाजीर संजय कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और सड़क निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोपों को लेकर गुरुवार को चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरु की गई। इस संबंध में आंदोलनकारियों की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चक्रधरपुर को एक ज्ञापन सौंपकर दोनों अधिकारियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

यह भी पढ़े : टीएसटीएसएल : आईटीआई अप्रेंटिसशिप को निकली बहाली

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पथ प्रमंडल मनोहरपुर में सड़क निर्माण योजनाओं में व्यापक स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। आरोप है कि कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार सुमन द्वारा ठेकेदारों से कमीशन की वसूली की जाती है तथा अधीनस्थ अभियंताओं पर दबाव बनाकर निर्माण कार्यों की माप पुस्तिका (एमबी) पर हस्ताक्षर करवाए जाते हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गुणवत्ता संबंधी आपत्ति उठाने वाले अधिकारियों के तबादले की धमकी दी जाती है।

नाजीर पर अवैध वसूली और प्रभाव का आरोप

ज्ञापन में नाजीर संजय कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि वह विभाग में अपने पद से अधिक प्रभाव रखते हुए विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों में हस्तक्षेप करते हैं तथा ठेकेदारों से अवैध वसूली का काम करते हैं। साथ ही उनकी संपत्ति और नियुक्ति प्रक्रिया की भी जांच कराने की मांग की गई है।

पहले भी हुई शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

आंदोलनकारी आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा और जगन्नाथपुर के जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने दावा किया है कि उक्त मामले को छह माह पूर्व भी संबंधित विभागों एवं जांच एजेंसियों के समक्ष उठाया गया था। ज्ञापन के अनुसार मामले में जांच अधिकारी भी पहुंचे थे तथा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सड़क निर्माण कार्यों और संपत्ति की जांच की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि पथ प्रमंडल मनोहरपुर के अंतर्गत कराए गए सड़क निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच कर आय के स्रोतों का सत्यापन किया जाए।

कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी

भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित अधिकारियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मामले को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में जनहित याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक आंदोलन चलता रहेगा।

धरना प्रदर्शन में ये थे मौजूद

धरना प्रदर्शन में आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा, जगन्नाथपुर के जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष बिंदराई सोरेन, साहिल बानरा, सुखदेव हेंब्रम, इसिम कुमार प्रधान, रविंद्र गोप, सानिका हेंब्रम, एतवरो सुरीन, लक्ष्मी गोप, शिवानी गोप, जूली गोप, संजीता देवी, आरती गोप आदि मौजूद थे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version