सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सौंदर्याकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की तीन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करने जा रही है. 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत होने वाले इन कार्यों में साकची में पार्किंग व्यवस्था का विकास, बड़े नालों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनें और पौधरोपण क्षेत्रों की सुरक्षा शामिल है.
यह भी पढे : उत्तम नगर, नई दिल्ली घटना में बुलडोजर कार्रवाई पर उठे सवाल मानवाधिकार आयोग से जांच की मांग
नालों में कचरा रोकने के लिए लगेगी स्क्रीनिंग मशीन :
शहर के बड़े नालों में कचरा बहने से रोकने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जेएनएसी 99 लाख 76 हजार 505 रुपये की लागत से “सॉलिड वेस्ट मटेरियल स्क्रीनिंग” मशीन की आपूर्ति और स्थापना करायेगा. इससे नालों का पानी साफ रखने में मदद मिलेगी और बड़े कचरे को आसानी से निकाला जा सकेगा.
तीन साल तक होगा पौधों का रख रखाव
बागुनहातू एवं नीमभट्टा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण की सुरक्षा के लिए फेंसिंग (घेराबंदी) का कार्य कराया जायेगा. इस पर 91 लाख 51 हजार 310 रुपये खर्च होंगे. खास बात यह है कि एजेंसी को अगले 3 वर्षों तक इसकी देख-रेख और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी उठानी होगी. साकची में सड़क जाम से मिलेगी मुक्ति जेएनएसी ने साकची क्षेत्र में सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को कम करने के लिए पेवर्स ब्लॉक लगाकर पार्किंग क्षेत्र विकसित करने की योजना बनायी है. इस योजना पर 1 करोड़ 1 लाख 89 हजार 236 रुपये खर्च किये जायेंगे. इस कार्य को 4 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है.









