सोशल संवाद/डेस्क: जमशेदपुर के केनेलाइट होटल में 32वें त्रिदिवसीय अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सेमिनार का भव्य शुभारंभ किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन केसर एस्ट्रोलॉजी संस्थान (CASAR) और एशियन एस्ट्रोलॉजर्स कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं खेल मंत्री डॉ. आलोक रंजन ने किया, जो इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: पूर्व मंत्री की पत्नी से लेकर डॉक्टर और रसूखदार घरानों की बहुएं मैदान में
उद्घाटन सत्र में CASAR के निदेशक प्रो. डॉ. एस. के. शास्त्री के साथ भारत सहित कई देशों से आए वरिष्ठ और ख्यातिप्राप्त ज्योतिषाचार्य मंच पर मौजूद रहे। ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नेपाल, कनाडा, श्रीलंका समेत विभिन्न देशों से आए ज्योतिष विद्वानों को मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में ज्योतिष विशेषज्ञ, शोधार्थी और विद्यार्थी भी शामिल हुए।


मुख्य अतिथि डॉ. आलोक रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि ज्योतिष केवल भविष्य बताने की विद्या नहीं है, बल्कि यह जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने वाला महत्वपूर्ण शास्त्र है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में ज्योतिष, हस्तरेखा, अंकशास्त्र और वास्तु जैसे विषय लोगों को सही निर्णय लेने में मदद कर सकते हैं।


इस अवसर पर प्रो. डॉ. एस. के. शास्त्री की पुस्तक “आध्यात्मिक ज्योतिष” का विमोचन किया गया। सेमिनार के दौरान प्रेडिक्टिव एस्ट्रोलॉजी, केपी ज्योतिष और अन्य विषयों पर गहन चर्चा हुई। आम नागरिकों के लिए निःशुल्क ज्योतिष परामर्श की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।










