सोशल संवाद / जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर स्ट्रांग रूम खुलवाया और करीब 23.80 किलो सोने के आभूषण और 42 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बैंक के अनुसार, लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33.20 करोड़ रुपये है।
यह भी पढे : बिष्टुपुर LIC भवन की चौथी मंजिल में भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू
हथियार के बल पर कर्मचारियों को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 9:10 बजे से 10:18 बजे के बीच हुई। हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए और कर्मचारियों व सुरक्षा गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों ने कर्मचारियों के हाथ और मुंह टेप से बांध दिए, ताकि वे अलार्म बजाकर मदद न मांग सकें।
इसके बाद हथियार के बल पर स्ट्रांग रूम की चाबियां हासिल की गईं और वॉल्ट खुलवाकर उसमें रखे सोने के आभूषण और नकदी लूट ली गई। करीब 650 पैकेटों में रखे ग्राहकों के गिरवी सोने के आभूषण अपराधी अपने साथ ले गए।
तीन बैग में भरकर ले गए सोना और कैश
लूटे गए आभूषणों में अंगूठी, चेन, कान के टॉप्स समेत अलग-अलग प्रकार के गहने शामिल थे। अपराधियों ने स्ट्रांग रूम से निकाले गए सोने और नकदी को करीब तीन बैग में रखा और बैंक से फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
20 सदस्यीय SIT गठित, कई राज्यों में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 20 सदस्यीय SIT का गठन किया है। टीम का नेतृत्व सिटी एसपी कर रहे हैं। जांच के लिए तकनीकी टीम, सत्यापन टीम और अन्य अधिकारियों को लगाया गया है। पुलिस की टीमें राज्य के बाहर भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध अपराधियों की पहचान की कोशिश तेज कर दी है। अब तक 250 से अधिक CCTV फुटेज की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ संदिग्धों की पहचान भी की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
पांचों संदिग्धों पर 2-2 लाख का इनाम
पुलिस ने मामले में शामिल बताए जा रहे पांच संदिग्ध अपराधियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। अपराधियों के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक कुछ संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें काम कर रही हैं।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में भी मिली खामियां
जांच के दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में भी कुछ खामियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार बैंक का अलार्म सिस्टम कई महीनों से खराब था। इसके अलावा सेफ की दो चाबियां अलग-अलग कर्मचारियों के पास होने के बजाय एक ही कर्मचारी के पास मिलीं।
पुलिस अब इन सुरक्षा खामियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना के बाद एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक, कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और जमशेदपुर SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बैंक पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच टीम ने क्राइम सीन री-क्रिएट किया और फॉरेंसिक टीम ने बैंक से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस पांचों संदिग्धों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने व नकदी की बरामदगी पर है।











