सोशल संवाद / नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली में 18 से 20 जून तक 39 जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।`

यह भी पढे : TMC में सियासी संकट गहराया: 19 सांसदों के बागी खेमे में जाने का दावा, ममता बनर्जी के सामने बड़ी चुनौती

इन शिविरों की तैयारियों को लेकर दिल्ली सचिवालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश साहिब सिंह ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर तैयारियों की समीक्षा की और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति, एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, राजस्व, श्रम, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, शहरी विकास समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री परवेश साहिब सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन कल्याण शिविरों में आने वाले नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक सेवाएं और सहायता एक ही स्थान पर सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, पारदर्शिता, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मंत्री ने कहा कि ये शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान और सरकार के साथ सीधे संवाद का भी महत्वपूर्ण मंच बनेंगे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दिल्लीवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में पहुंचकर केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।
18 से 20 जून तक आयोजित होने वाले ये जन कल्याण शिविर दिल्ली में जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होंगे।









