---Advertisement---

टाटानगर की 4 जोड़ी ट्रेनें अब आदित्यपुर से चलेंगी, उठे सवाल

By Tamishree Mukherjee

Updated On:

Follow
4 pairs of Tatanagar trains will now run from Adityapur

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/जमशेदपुर : आदित्यपुर स्टेशन से टाटानगर की चार जोड़ी ट्रेनों का परिचालन फरवरी से शुरू होने वाला है, जबकि एक जोड़ी ट्रेन पहले से चल रही है। रेलवे की इस घोषणा पर यात्रियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि आदित्यपुर स्टेशन पर अभी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। चक्रधरपुर मंडल को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद ही ट्रेनों का संचालन करना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा मिल सके।

यह भी पढ़े : पेसा कानून की आत्मा पर सवाल: ग्राम सभा के अधिकार घटाकर आदिवासी पहचान से छेड़छाड़ का आरोप

स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा के दावे के बावजूद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक को छोड़कर अन्य प्लेटफॉर्मों पर डस्टबिन नहीं लगाए गए हैं। प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइन और वाटर बूथ के आसपास कचरे का अंबार लगा है। जानकारों के अनुसार, लंबी दूरी की ट्रेनों के हाउसकीपिंग कर्मचारी ट्रेन रुकने पर कचरा लाइन के किनारे फेंक देते हैं।

वर्तमान में आदित्यपुर से हटिया के लिए एक जोड़ी मेमू ट्रेन चल रही है। क्विक वाटरिंग सिस्टम नहीं होने के कारण ट्रेनों के कोचों में टैंकर से पानी भरा जाता है। प्लेटफॉर्मों पर शेड छोटे हैं, जिससे धूप और बारिश में यात्रियों को परेशानी होगी। चार और पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर खानपान स्टॉल नहीं है। ट्रेन और कोच डिस्प्ले बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं। अधिकांश नलों की टोटियां टूटी हुई हैं। पांच जोड़ी ट्रेनों के संचालन से यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में कोच के शौचालयों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर पीने के पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है। जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में यात्री आदित्यपुर स्टेशन पहुंचेंगे।

सांसद ने जताया है विरोध

रांची में आयोजित रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक के दौरान जमशेदपुर के सांसद ने टाटानगर की ट्रेनों को आदित्यपुर स्टेशन से चलाने के निर्णय का विरोध किया है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2025 में भी टाटानगर की चार ट्रेनों को आदित्यपुर से चलाने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन यात्री सुविधाएं नहीं होने के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका। आदित्यपुर में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लिफ्ट व एस्केलेटर लगाने का सर्वे कराया है।

अभी ट्रेनों के चलने से दिव्यांग व सीनियर सिटीजन को 1 से 5 नंबर प्लेटफॉर्म तक आवागमन में दिक्कत होगी। सीसीटीवी कैमरे के लिए स्टेशन गेट से प्लेटफॉर्म तक जगह चिह्नित किया गया है। स्टॉल के लिए भी टेंडर हो चुका है।

इस मामले की जानकारी देते हुए एईएन-2 आदित्यपुर रेल क्षेत्र ने कहा कि आदित्यपुर स्टेशन पर सुधार का काम शुरू है। क्विक वाटरिंग सिस्टम जल्द शुरू हो जाएगा। स्टेशन सफाई के लिए संबंधित विभाग कार्रवाई कर रही है, ताकि यात्रियो को किसी तरह से दिक्कत न हो।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---