सोशल संवाद / रांची: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धरती आबा के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
यह भी पढ़े : जनजातीय गौरव दिवस 2026: पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा को किया नमन, 3 हजार करोड़ की सौगात
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान हमेशा याद किया जाता रहेगा। आज का दिन पूरे भारत के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मानवता और संघर्ष की राह दिखाई। उनके विचार, आदर्श और बलिदान आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।
बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद
झारखंड के लिए 15 नवंबर का दिन बेहद खास है। इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है और झारखंड अपना स्थापना दिवस भी मनाता है। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष ने आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई थी। उनका जीवन आज भी जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है।
स्थापना दिवस के मौके पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोग धरती आबा को श्रद्धांजलि देकर उनके विचारों और आदर्शों को याद कर रहे हैं। इस अवसर पर राज्य के विकास, समृद्धि और बेहतर भविष्य का संकल्प भी लिया जा रहा है।
28 नवंबर को होगा झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य समारोह
इस बार रांची में झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला मुख्य समारोह 15 नवंबर को नहीं होगा। इसे स्थगित कर अब 28 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 17 से 27 नवंबर तक पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को होने वाले मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
स्थापना दिवस पर निकली स्वच्छता दौड़
झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ यानी स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया। राजधानी रांची में इस दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। इसके जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया।
इस तरह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर राज्यभर में श्रद्धांजलि, जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से धरती आबा के योगदान को याद किया जा रहा है।











