धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती-सह-झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया नमन

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Tributes were paid on the 151st birth anniversary of 'Dharti Aaba' Bhagwan Birsa Munda

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / चाईबासा: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती-सह-झारखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा स्थित बस स्टैंड चौक पर स्थापित भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर जिला प्रशासन एवं नगर परिषद के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं नगर परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उनके अद्वितीय योगदान, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण किया।

यह भी पढ़े : झारखंड स्थापना दिवस पर चाईबासा में “रन फॉर क्लीनलिनेस” का आयोजन, स्वच्छता का दिया संदेश

Sunrise Enclave

इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और सामाजिक चेतना का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका ऐतिहासिक उलगुलान केवल अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष नहीं था, बल्कि अन्याय, शोषण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण का भी प्रतीक था। झारखंड राज्य का निर्माण जिन सपनों, आकांक्षाओं और संघर्षों की परिणति है, उन्हें साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता, जनकल्याण और समावेशी विकास के माध्यम से झारखंड को एक सशक्त एवं विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का साहस, अदम्य इच्छाशक्ति और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की भावना हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि धरती आबा ने अपने अल्प जीवनकाल में जिस अद्भुत नेतृत्व क्षमता, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में शांति, सद्भाव, आपसी भाईचारे एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने जिलेवासियों से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राज्य के विकास एवं सामाजिक एकता में सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस एवं मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर झारखंड राज्य स्थापना दिवस की गौरवशाली यात्रा, राज्य के निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके आदर्शों पर चलकर एक समृद्ध, सशक्त, शिक्षित एवं विकसित झारखंड के निर्माण का संदेश दिया गया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट