सोशल संवाद / डेस्क : मुंबई की सड़कों की सफाई को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने सवाल उठाया कि शहर की सड़कें सिर्फ VIP मेहमानों के आने पर ही क्यों चमकाई जाती हैं? आम नागरिकों को हर दिन साफ-सुथरी सड़कें क्यों नहीं मिल सकतीं?
यह भी पढे : Indian Army Dress Code 2026: 1 दिसंबर से बदलेगी सेना के वरिष्ठ अफसरों की वर्दी
बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने शहर में कचरे और सफाई की समस्या पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की।
प्रिंस विलियम के दौरे से पहले चमकाई गईं सड़कें
कोर्ट ने दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके का उदाहरण देते हुए कहा कि खास मेहमानों के आने से पहले यहां की सड़कों को पानी से धोकर साफ किया गया। पूरा इलाका चमकता हुआ दिखाई दे रहा था।
हालांकि, कोर्ट ने VIP मेहमानों का नाम नहीं लिया, लेकिन ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने हाल ही में इस इलाके का दौरा किया था।
दो दिन का दिखावा नहीं, हमेशा हो सफाई
हाईकोर्ट ने BMC से कहा कि जब खास लोगों के आने पर शहर की सफाई इतनी तेजी से हो सकती है, तो आम लोगों के लिए ऐसा क्यों नहीं किया जाता?
कोर्ट ने कहा कि सड़कों की सफाई केवल दो दिनों के दिखावे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शहर के हर वार्ड में हमेशा साफ-सफाई बनी रहनी चाहिए, क्योंकि आम नागरिक ही शहर के स्थायी निवासी हैं।
प्लास्टिक पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की सलाह
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक कचरा फेंकने पर भी चिंता जताई। अदालत ने महाराष्ट्र सरकार और BMC को लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा प्लास्टिक बैग पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने और मुंबई में प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की दिशा में कदम उठाने पर विचार करने को कहा।
7 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
यह मामला मुंबई के कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड के पास वायु प्रदूषण और जहरीली गैसों के उत्सर्जन से जुड़ी याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया। कोर्ट ने डंपिंग ग्राउंड से होने वाले प्रदूषण और दुर्गंध के मुद्दे पर भी चिंता जताई।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर 2026 को निर्धारित की है। अब देखना होगा कि BMC शहर की सफाई व्यवस्था में कितना सुधार करती है।











