सोशल संवाद / जमशेदपुर : संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से रांची में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च भीमराव अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक आयोजित होगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।
यह भी पढे : Tata Steel News: हाईकोर्ट से टाटा स्टील को झटका, जमाडा को मिल सकते हैं 50 करोड़
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए देशव्यापी अभियान चला रही है।
चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले एक-दो वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान कथित चुनावी अनियमितताओं को भी मुद्दा बनाया है।
शाहदेव ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर केंद्र सरकार और भाजपा का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच संघीय व्यवस्था के तहत बेहतर समन्वय की जरूरत बताते हुए झारखंड समेत कई राज्यों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।
साकची आमबगान से सुबह 8 बजे रवाना होंगे कार्यकर्ता
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि जिले से हजारों कार्यकर्ता रांची के मार्च में शामिल होंगे। इसके लिए जिला और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ प्रखंड, मंडल, पंचायत तथा विभिन्न मंच-मोर्चों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की सुबह 8 बजे साकची आमबगान मैदान से उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची के लिए रवाना होंगे। विधानसभा प्रभारी, प्रखंड संगठन प्रभारी, मंडल संगठन प्रभारी और अन्य पदाधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
परविंदर सिंह ने संविधान रक्षा मार्च को ऐतिहासिक बनाने का दावा किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, मार्च के माध्यम से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।











