सोशल संवाद / सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में चौकीदार भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य के कई जिलों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है, लेकिन सरायकेला-खरसावां में अब तक इसकी शुरुआत नहीं हुई है।
यह भी पढे : पूर्वी सिंहभूम जिला महासंघ चुनाव 22 नवंबर को, 2000 कर्मचारी होंगे शामिल
इसी मुद्दे को लेकर चौकीदार भर्ती के अभ्यर्थियों ने 23 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे उपायुक्त कार्यालय के बाहर बैठक करने का फैसला लिया है। इसमें जिले के सभी प्रखंडों के अभ्यर्थियों से शामिल होने की अपील की गई है।
अभ्यर्थियों की मांग है कि जिला प्रशासन भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की निश्चित तारीख घोषित करे। साथ ही यह भी बताया जाए कि भर्ती कब तक पूरी होगी और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र कब दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई गई है। इससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
तारीख नहीं मिली तो होगा विरोध प्रदर्शन
अभ्यर्थियों ने कहा है कि यदि जिला प्रशासन भर्ती शुरू करने की निश्चित तारीख और पूरी प्रक्रिया की समय-सीमा बताता है, तो वे आंदोलन नहीं करेंगे। लेकिन केवल आश्वासन मिलने पर वे संतुष्ट नहीं होंगे। अभ्यर्थियों के अनुसार, तारीख घोषित नहीं होने पर करीब 15 हजार अभ्यर्थी एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी करेंगे।
अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस निर्णय चाहिए।











