सोशल संवाद / रांची: झारखंड को वर्ष 2050 तक देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए अभी से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम जनता को मिलकर प्रयास करना होगा। यह बात राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।
यह भी पढे : Jamshedpur Traffic News: 24 नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री, बसों को छूट
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और सांस्कृतिक विरासत के मामले में समृद्ध है। इन खूबियों का सही इस्तेमाल कर राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि लोकतंत्र केवल सरकार चलाने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह जनता के अधिकारों और उनकी भागीदारी का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान, संवैधानिक मूल्यों का पालन और जनहित के मुद्दों पर चर्चा बेहद जरूरी है।
उन्होंने विधायकों से सदन की गरिमा बनाए रखने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की। राज्यपाल के अनुसार, विधानसभा में होने वाली चर्चा और सवालों का असर राज्य के लाखों लोगों के जीवन पर पड़ता है।
अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुआ था झारखंड का गठन
अपने संबोधन में राज्यपाल ने झारखंड गठन के इतिहास को भी याद किया। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुआ था और वह खुद इस ऐतिहासिक प्रक्रिया के साक्षी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अलग राज्य का गठन यहां के लोगों के लंबे संघर्ष और उनकी आकांक्षाओं का परिणाम था। अब राज्य के पास उपलब्ध प्राकृतिक और आर्थिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विकास को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
‘उड़ान’ के 104वें संस्करण का हुआ विमोचन
विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने ‘उड़ान’ के 104वें संस्करण का विमोचन किया। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष द्वारा लिखित पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
राज्यपाल के संबोधन का मुख्य संदेश रहा कि झारखंड को 2050 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लंबी अवधि की योजना, मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था और सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।











