सोशल संवाद / डेस्क : भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस (Constitution Day) मनाया जाता है। यह दिन भारतीय लोकतंत्र और संविधान के महत्व को याद करने का अवसर है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। हालांकि, इसे देश में 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान दिवस के अवसर पर स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन निबंध प्रतियोगिता, भाषण और सामान्य ज्ञान (GK) क्विज के जरिए लोगों को संविधान के प्रति जागरूक किया जाता है।
26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
भारतीय संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया था। इसके करीब दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करना और नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
संविधान दिवस पर जानें 10 महत्वपूर्ण बातें
अगर आप संविधान दिवस पर स्कूल-कॉलेज के कार्यक्रम, भाषण, निबंध या GK Quiz की तैयारी कर रहे हैं, तो ये 10 बातें आपके लिए महत्वपूर्ण हैं।
1. 26 नवंबर को संविधान दिवस: भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
2. संविधान अपनाने की तारीख: भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने अपनाया था।
3. लागू होने की तारीख: भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। इसी दिन गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।
4. संविधान दिवस की शुरुआत: वर्ष 2015 में 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई।
5. संविधान सभा की पहली बैठक: संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी।
6. संविधान सभा के अध्यक्ष: डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे।
7. ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष: डॉ. भीमराव आंबेडकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे। उन्हें भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार कहा जाता है।
8. संविधान बनने में लगा समय: भारतीय संविधान को तैयार करने में 2 साल, 11 महीने और 18 दिन लगे थे।
9. मूल संविधान: मूल संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं।
10. दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान: भारतीय संविधान को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित राष्ट्रीय संविधान माना जाता है।
भारतीय संविधान में कौन-कौन से हैं मौलिक अधिकार?
भारतीय संविधान नागरिकों को कई महत्वपूर्ण मौलिक अधिकार प्रदान करता है। इनका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय सुनिश्चित करना है।
संविधान में मुख्य रूप से छह मौलिक अधिकार दिए गए हैं:
- समानता का अधिकार
- स्वतंत्रता का अधिकार
- शोषण के विरुद्ध अधिकार
- धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार
- सांस्कृतिक और शैक्षिक अधिकार
- संवैधानिक उपचारों का अधिकार
संविधान दिवस का क्या है महत्व?
संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और अपनाने का अवसर भी है। भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और देश के शासन संचालन के लिए नियम निर्धारित करता है।
इस दिन देशभर के शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ, जागरूकता कार्यक्रम, भाषण और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
संविधान दिवस हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।











