सोशल संवाद/डेस्क : पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान के बाद सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने गुरुवार को विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने रानी अवंतिकाबाई चौक से पुल मिठाई, नया बाजार, लाहौरी गेट और खारी बावली तक जाकर अतिक्रमण हटाने की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दिल्ली नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढे : अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- संविधान का सम्मान उसकी मूल भावना पर चलने से होता है
सांसद ने कहा कि अतिक्रमण हटने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने अधिकारियों से रेलवे स्टेशन रोड और चर्च मिशन रोड से भी अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया है।
48 घंटे तक चला था अतिक्रमण हटाने का अभियान
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की बैठक में सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या उठाई थी। बैठक में दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और स्थानीय निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता ने भी क्षेत्र की समस्याएं रखी थीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को 72 घंटे के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। नगर निगम और दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे तक अभियान चलाकर पुल मिठाई और खारी बावली क्षेत्र से स्थायी अवैध अतिक्रमण हटाए।
जेबतराशी और बैग छिनने की घटनाओं पर लगाम का दावा
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि सैकड़ों अवैध कब्जे हटने से यातायात व्यवस्था सुचारू हुई है। उन्होंने दावा किया कि पुल मिठाई और खारी बावली क्षेत्र में जेबतराशी तथा बैग छिनने जैसी घटनाओं पर भी रोक लगाने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि अब रेलवे स्टेशन रोड और चर्च मिशन रोड से भी अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों से अनुरोध किया गया है।
स्थायी अतिक्रमण नहीं होने देने की बात
दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, नगर निगम की उपायुक्त कनिका नागपाल और पुलिस अधिकारियों के प्रयासों से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र में दोबारा कोई स्थायी अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
अवैध बस संचालन का मुद्दा भी उठेगा
चांदनी चौक के निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता ने कहा कि इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की अगली बैठक में रेलवे स्टेशन रोड और लाल किला रोड पर निजी अंतरराज्यीय बसों के कथित अवैध संचालन का मुद्दा उठाया जाएगा। उन्होंने इसे रोकने की मांग करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम की पुरानी दिल्ली क्षेत्र की उपायुक्त कनिका नागपाल, पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दिल्ली किराना कमेटी के अध्यक्ष गंगा बिशन गुप्ता और महामंत्री धीरज सिंघवानी ने भी अभियान की सराहना की।











