सोशल संवाद/डेस्क : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, बोकारो में गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में कुल 199 पदों पर नामांकन किया जाएगा। इनमें 111 ग्रामीण गृह रक्षक (58 पुरुष एवं 53 महिला) तथा 88 शहरी गृह रक्षक (44 पुरुष एवं 44 महिला) के पद शामिल हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी 11 दिसंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण एवं शहरी श्रेणी के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य है। यह नियमित या वेतनभोगी सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि स्वयंसेवी सेवा है। इसके तहत कार्य दिवस के आधार पर निर्धारित भत्ता दिया जाएगा। अभ्यर्थी की उम्र एक जनवरी 2026 को 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। ग्रामीण पद के लिए सातवीं और शहरी पद के लिए मैट्रिक पास होना आवश्यक है।
ग्रामीण गृह रक्षकों की प्रखंडवार रिक्तियों का निर्धारण स्वीकृत एवं वर्तमान प्रभावी बल के आधार पर किया गया है। प्रत्येक सामुदायिक विकास प्रखंड में औसतन 110 गृह रक्षकों की एक कंपनी का प्रावधान है। इसी आधार पर कसमार में एक, चंद्रपुरा में तीन और नावाडीह में चार पद रिक्त हैं।
चयन प्रक्रिया में शारीरिक जांच, हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा तथा शहरी तकनीकी अभ्यर्थियों के लिए तकनीकी दक्षता परीक्षा शामिल है। शारीरिक परीक्षा में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक के आधार पर अंक दिए जाएंगे। हिंदी लेखन और तकनीकी दक्षता परीक्षा में 100-100 अंक होंगे। उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 30 अंक लाना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल और पुलिस चरित्र सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा।











