सोशल संवाद / जमशेदपुर : औद्योगिक क्षेत्र स्थित उद्योगों को भी अब आदित्यपुर नगर निगम को होल्डिंग टैक्स का भुगतान करना होगा। इसको लेकर नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। पहले चरण में पानी का उपयोग करने वाले 70 उद्योगों को नोटिस जारी किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि होल्डिंग टैक्स का भुगतान नहीं करने पर संबंधित उद्योगों का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।
यह भी पढे : बोकारो में 199 पदों पर होमगार्ड की होगी बहाली, 11 दिसंबर तक करें आवेदन
हाई कोर्ट पहुंचा था मामला
दरअसल, औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी लंबे समय से होल्डिंग टैक्स का विरोध करते रहे हैं। उनका तर्क है कि वे पहले से ही जियाडा को विभिन्न मदों में शुल्क का भुगतान करते हैं। ऐसे में दो अलग-अलग संस्थाओं को टैक्स और शुल्क देना उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। इस मुद्दे को लेकर मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था।
पिछले कुछ सालों में हाईकोर्ट ने नगर निगम के पक्ष में व्यवस्था देते हुए नगर विकास विभाग और उद्योग विभाग को आपसी बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया था। अब विभागीय निर्देश के बाद नगर निगम ने औद्योगिक इकाइयों को होल्डिंग टैक्स के दायरे में लाने की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी है। इसी क्रम में 70 उद्योगों को नोटिस भेजा गया है। सीटी मैनेजर रोबिन सौरभ कच्छप ने बताया कि बिना होल्डिंग नंबर के पानी का कनेक्शन देने का प्रावधान नहीं है। इसलिए उद्योगों को होल्डिंग टैक्स का भुगतान करना होगा।











