सोशल संवाद/डेस्क : हरियाणा विधानसभा में सरकार ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने की घोषणा कर दी है। इसके लिए CM नायब सैनी ने 5 हजार करोड़ का बजट रखा है। उन्होंने बजट पेश करते हुए इसके बारे में जानकारी दी।
जब CM ने महिलाओं के लिए यह घोषणा की तो सदन में खूब तालियां बजीं। इस दौरान सरकार की 2 महिला मंत्री श्रुति चौधरी और आरती राव ने भी तालियां बजाईं। CM की इस घोषणा के बाद सदन में थोड़ी देर के लिए हंसी-मजाक का भी माहौल रहा।
CM ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। इसके बाद पूरे सदन में सत्तापक्ष के सदस्यों ने ठहाके लगाए।
पूर्व CM ने पूछा– क्राइटेरिया क्या है?
CM नायब सैनी के घोषणा करते ही पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा अपनी सीट से खड़े हुए। उन्होंने पूछा कि इसका क्राइटेरिया क्या है? किन महिलाओं को यह पैसा मिलेगा।
CM ने कहा– क्राइटेरिया बना रहे
इस मामले में CM नायब सैनी ने सदन में कहा कि क्राइटेरिया बना रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों को कहा है। सीएम ने यह भी कहा कि अभी यह सिर्फ 5 हजार करोड़ की विंडो है। महिलाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। बजट में जरूरत के हिसाब से और रकम भी जोड़ दी जाएगी।
योजना को लेकर सबसे बड़ा सवाल ये
हरियाणा सरकार ने इस योजना को लाडो लक्ष्मी योजना का नाम दिया है। चुनाव में भाजपा ने वादा किया था कि 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को यह रकम मिलेगी। हालांकि फिर यह भी चर्चा सामने आई कि सिर्फ 1.80 लाख सालाना इनकम से कम वाले परिवारों की महिलाओं को ही यह फायदा मिलेगा।
