सोशल संवाद/डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने आज बिहार के नालंदा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले बोले और बिहार के युवाओं, किसानों व मजदूरों के हक की बात उठाई।

यह भी पढ़ें: भाजपा बिहार में भी वोट चोरी का प्रयास करेगी, जिसे हर युवा को पोलिंग बूथ पर रोकना होगा – राहुल गांधी
Rahul Gandhi ने कहा कि बिहार के लोगों ने अपने खून-पसीने से देश और विदेश में विकास की इमारत खड़ी की है, लेकिन खुद बिहार अब भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने सवाल किया “अगर बिहारी दुबई और मुंबई बना सकते हैं, तो अपना बिहार क्यों नहीं बना पा रहे?”
उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “20 साल में बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य की हालत और खराब हुई है। आज यहां पेपर लीक होता है, अस्पतालों में लोग इलाज कराने नहीं, मरने जाते हैं।”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडानी-अंबानी समूह को भी घेरा। उन्होंने कहा, “देश का सारा इंफ्रास्ट्रक्चर सड़क, एयरपोर्ट, रेलवे कुछ अरबपतियों के हवाले कर दिया गया है। दो हिंदुस्तान बन गए हैं एक अमीरों का और दूसरा गरीबों का।”
उन्होंने नालंदा की ऐतिहासिक पहचान को याद करते हुए कहा, “एक समय दुनिया नालंदा में पढ़ने आती थी, अब बिहार का नाम पेपर लीक से जुड़ा है। हमारी सरकार बनी तो दुनिया की सबसे बेहतर यूनिवर्सिटी फिर यहीं बनेगी ताकि ‘मेड इन बिहार’ दुनिया में गर्व से दिखे।”
राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा का आह्वान करते हुए कहा कि “आरएसएस और बीजेपी संविधान खत्म करना चाहते हैं। मगर बिहार की जनता इसे नहीं छूने देगी। यह किताब आपकी आवाज है, बाबा साहेब अंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों की ताकत है।”
उन्होंने सभा में युवाओं से अपील की कि वे वोट चोरी रोकने के लिए सजग रहें और कहा कि “महागठबंधन की सरकार सभी जाति और धर्मों की होगी जिसमें अति पिछड़ा, दलित, महादलित, अल्पसंख्यक, गरीब और किसान सबकी आवाज शामिल होगी।”
राहुल गांधी ने अपने भाषण का अंत करते हुए कहा “नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। बिहार को शिक्षा और रोज़गार का केंद्र बनाना है।”










