सोशल संवाद/राँची: झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उस वक्त एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब हार्ड लैंडिंग के दौरान Indigo के एक विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात लगभग साढ़े सात बजे हुई।

यह भी पढ़ें: Pawan Singh धमकी केस में नया मोड़, बिश्नोई गैंग का ऑडियो आया सामने, आरोपों से किया इनकार
इस दौरान वहां लैंड कर रही भुवनेश्वर-रांची फ्लाइट का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। उन्होंने बताया कि इस विमान में करीब 70 यात्री सवार थे, हालांकि घटना के दौरान किसी को कुछ नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद अचानक तेज झटका लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
जिसके बाद पायलट ने विमान को कंट्रोल किया और सुरक्षित लैंडिंग के बाद उसे एप्रन पर ले जाया गया। घटना के बाद विमान का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया। शुरुआती जांच में इंजीनियरों ने विमान को उड़ान के अयोग्य पाया। ऐसे में रांची एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों व फ्लाइट कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया है।
रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार ने PTI को बताया, ‘लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। इस दौरान यात्रियों को अचानक झटका लगा। हालांकि, वे सभी सुरक्षित थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।’ उन्होंने बताया कि घटना के बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया, क्योंकि वह तकनीकी रूप से उड़ान भरने के लिए अयोग्य पाया गया।
आगे उन्होंने कहा, ‘इस घटना के बाद विमान की रांची से भुवनेश्वर की अगली उड़ान रद्द कर दी गई। जिसकी वजह से कुछ यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी, जबकि कुछ ने अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर ली। कुछ यात्रियों को सड़क मार्ग से भुवनेश्वर भेजा गया।’








