सोशल संवाद/डेस्क: घाटशिला स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय के विवेकानंद ऑडिटोरियम में आज 22 दिसंबर 2025 को समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश की गई। माता स्वर्गीय श्रीमती सोना देवी की पुण्य स्मृति में विश्वविद्यालय द्वारा एक भव्य मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 103 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

यह भी पढ़ें: Air India plane का एक इंजन हवा में बंद: दूसरे इंजन से दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग
इस अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। घाटशिला क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिकों, विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाया।

कार्यक्रम के दौरान संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापक कुमारी निकिता ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि हर स्वस्थ महिला और पुरुष रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान से शरीर में नया रक्त बनता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित रक्तदान का संकल्प भी दिलाया।

यह शिविर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित किया गया। रक्तदाताओं का पंजीकरण, हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।

शिविर में कुलपति प्रो. डॉ. ब्रजमोहन पत पिंगुआ, कुलसचिव प्रो. डॉ. गुलाब सिंह आज़ाद सहित जमशेदपुर व घाटशिला के अनेक विशिष्ट जनों ने भाग लेकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। यह आयोजन समाज के प्रति विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण बना।










