सोशल संवाद/डेस्क: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच को और ज्यादा बेहतर बनाने के साथ लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और परिचालन दक्षता (ऑपरेशनल एफिशिएंसी) को ऑप्टिमाइज़ करने की दिशा में दिल्ली परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

यह भी पढ़ें: सरयू राय के सौजन्य से 300 जरूरतमंदों के बीच कदमा में कम्बल वितरण
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन मौजूदा रूटों को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए DTC बसों के दो नए रूट 192A और 212A शुरू करने जा रही है। नए रूट रैशनलाइज़ेशन का मकसद बसों की मेट्रो कनेक्टिविटी को तेजी से बढ़ाने के साथ दैनिक यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाकर DTC के मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस को बेहतर और मजबूत बनाना है।

दिल्ली परिवहन निगम के प्रस्ताव के तहत जिस रूट नंबर-212 (आनंद विहार ISBT से आनंद पर्वत तक) पर अभी डीटीसी की 18 बसों को चलाया जा रहा है, उसे अब दो हिस्सों में बांटा जाएगा। रूट नंबर 212 के साथ ही नए बस रूट 212A को शुरू किया गया, जिसमें अब इन दो रूटों पर डीटीसी की नौ-नौ बसें चलाई जाएंगी। यह ऑप्टिमाइज़ेशन लागत को बिना बढ़ाए बस नेटवर्क कवरेज को और बेहतर बनाने का काम करेगा।

DTC के रूट नंबर-212A के शुरू होने से इस ने कॉरिडोर से जुड़े हुए दिल्ली मेट्रो स्टेशनों की कुल संख्या तीन से बढ़कर आठ हो जाएगी, जिसमें आनंद विहार और दिलशाद गार्डन जैसे मौजूदा स्टेशनों के साथ ही मौजपुर, बाबरपुर, जाफराबाद, वेलकम, शाहदरा और मानसरोवर पार्क जैसे मेट्रो के महत्वपूर्ण इंटरचेंज पॉइंट भी जुड़ जाएंगे।
ठीक इसी तरह से रूट नंबर-192A (कश्मीरी गेट ISBT से केशव नगर तक) से अभी डीटीसी की आठ बसों को चलाया जा रहा है।

रूट रैशनलाइज़ करने के बाद चार बसें मौजूदा रूट पर ही चलती रहेंगी और DTC की बाकी चार बसों को नए प्रस्तावित रूट नंबर-192A पर चलाया जाएगा। नया बस रूट दिल्ली के मॉडल टाउन, आज़ादपुर और मजलिस पार्क जैसे ज्यादा डिमांड वाले मेट्रो स्टेशनों तक बसों की पहुंच को और ज्यादा बेहतर बनाएगा, साथ ही कश्मीरी गेट, सिविल लाइंस, विधानसभा, विश्वविद्यालय और GTB नगर जैसे बड़े इंटरचेंज पॉइंट को भी मज़बूत करेगा।

इस फैसले से नॉर्थ और सेंट्रल दिल्ली के बस यात्रियों के साथ ही बुराड़ी, कौशिक एन्क्लेव, केशव नगर और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है। नए रूट रैशनलाइज़ेशन से डीटीसी की रेवेन्यू ग्रोथ की मजबूती कायम रहने के साथ बस सर्विस की पहुंच भी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में ऑपरेशनल सस्टेनेबिलिटी के प्रति दिल्ली परिवहन निगम की प्रतिबद्धता और ज्यादा मज़बूत होगी।
DTC के प्रस्तावित नए रूट से बस यात्रा समय में कमी आने के साथ बस इंटरचेंज कम होंगे। साथ ही फर्स्ट और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर होगी। लोगों की प्राइवेट गाड़ियों पर निर्भरता कम होने से सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम के साथ प्रदूषण का स्तर भी कम होगा, जिससे राजधानी दिल्ली की एयर क्लालिटी में सुधार होने के साथ शहरी ट्रांसपोर्ट सिस्टम और ज़्यादा बेहतर बनेगा।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में यह फैसला लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने, मेट्रो का आसान इंटीग्रेशन और यात्रियों के लिए सुविधाजनक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के हमारे विजन का अहम हिस्सा है।
रूट नंबर-192A और 212A की शुरुआत सार्वजनिक परिवहन की सुविधा के साथ संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल कर DTC की वित्तीय मज़बूती बनाए रखने के हमारे विजन के अनुरूप है, जो राजधानी दिल्ली में रहने वाले नागरिकों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।










