सोशल संवाद/राँची: Jharkhand में बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों, अवकाश प्राप्त कर्मियों और अनुबंध कर्मियों को एक करोड़ रुपए तक का दुर्घटना बीमा (हवाई दुर्घटना में मौत होने पर दो करोड़ रुपए) समेत विभिन्न बैंकिंग सेवाएं बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मिलेंगी।

यह भी पढ़ें: भागवत कथा के तीसरे दिन बावन व नरसिंह अवतार का विस्तृत वर्णन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को Jharkhand मंत्रालय में राज्य सरकार तथा बैंक ऑफ इंडिया के बीच राज्यकर्मियों के वेतन एवं पेंशन खाता पैकेज को लेकर एमओयू हुआ। इस पर वित्त विभाग के विशेष सचिव संदीप सिंह एवं बैंक ऑफ इंडिया के उपमहाप्रबंधक, रांची अंचल के संजीव कुमार ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री ने पचास लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया: इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्घटना में मृत जेबीवीएनएल कर्मी प्रमोद लकड़ा की पत्नी मंजू लकड़ा को गवर्नमेंट सैलरी पैकेज के तहत पचास लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया।
इस पहल से और भी बैंक सरकार के साथ जुड़ेंगे: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के समावेशी विकास में बैंकों का अहम रोल है। बैंकों की विभिन्न सेवाओं का फायदा राज्यवासी ले रहे हैं। बैंकों के जरिए सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। आने वाले दिनों में बैंकों की भूमिका और भी निर्णायक होगी। मुझे खुशी है कि राज्य सरकार के एक अहम सहयोगी के रूप में बैंक ऑफ इंडिया ने कदम बढ़ाया है। इस पहल से और भी कई बैंक सरकार के साथ जुड़ेंगे। वे राज्य के विकास में अहम योगदान देंगे, मुझे पूरी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर वातावरण में कार्य करने का अवसर उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक सुरक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एक संवेदनशील सरकार होने के नाते राज्य की सेवा करने वाले कर्मियों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। समाज के अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति सामाजिक-आर्थिक-शैक्षणिक रूप से सशक्त बने, इसी सोच और परिकल्पना के साथ सरकार काम कर रही है।
वित्तीय सहायता देने की दिशा में निर्णायक पहल: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नौकरी करने के दरम्यान मिलने वाली तनख्वाह, अवकाश प्राप्ति के बाद पेंशन तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के अतिरिक्त दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में वित्तीय सहायता देने की दिशा में यह निर्णायक पहल है। सरकार का प्रयास ऐसे हर व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है, जो विकास से दूर हैं। इसमें बैंकों की अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैंकों से विकास में सरकार के सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही विश्वास जताया कि सरकार के कार्यों में बैंक पूरा सहयोग करेंगे।
एमओयू कार्यक्रम के दौरान कई रहे मौजूद
झारखंड मंत्रालय में राज्य सरकार तथा बैंक ऑफ इंडिया के बीच एमओयू कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुब्रत कुमार एवं जीएम गुरु प्रसाद गौंड के अलावा बड़ी संख्या में पदाधिकारी तथा कई कर्मचारी मौजूद थे।










