सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, माटी पुत्र और वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें: Jamshedpur में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन, 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी
इस दौरान सांसद बिद्युत बरण महतो ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के अधिकार और पहचान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग और उनके विचार आज भी झारखंड के विकास की दिशा तय करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि निर्मल महतो का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष से सीख लेने की जरूरत है।
सांसद ने यह भी कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।










