सोशल संवाद/डेस्क: Donald Trump ने एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उन्हें इतिहास में सबसे ज्यादा इस पुरस्कार का हक है, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रपति बनते ही बिना कुछ किए ही नोबेल मिल गया, जबकि उन्होंने खुद कई बड़ी जंगें रोकवाई हैं।

यह भी पढ़ें: IPL 2026 पर बांग्लादेश में बैन, मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ा भारत-बांग्लादेश क्रिकेट तनाव
ट्रंप ने इस दौरान यह भी दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बड़े संघर्ष को रोका था और लाखों लोगों की जान बचाई। उनके मुताबिक, पिछले साल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खुद इस काम का श्रेय उन्हें दिया था। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने कुल आठ बड़ी जंगें रोकी हैं, जिनमें कुछ 30 साल से भी पुरानी थीं।
हालांकि, भारत सरकार ने इस दावे को पूरी तरह खारिज किया है और कहा कि भारत-पाक संघर्ष विराम केवल दोनों देशों की आपसी बातचीत से हुआ था। भारत ने साफ कहा कि इसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी। ट्रंप ने इसे लेकर कहा कि लोग चाहे उन्हें पसंद करें या न करें, लेकिन सच्चाई यही है कि उन्होंने कई जंगों को रोका और इसके बावजूद उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला। ट्रंप के इन बयानों ने एक बार फिर से दुनिया का ध्यान नोबेल शांति पुरस्कार और भारत-पाक विवाद पर खींच लिया है।










