सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं ने शहरवासियों को भय के साये में जीने को मजबूर कर दिया है। सोनारी के सीएच एरिया में प्रतिष्ठित व्यवसायी के बेटे का दिनदहाड़े अपहरण दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। लौहनगरी जमशेदपुर की गिरती कानून-व्यवस्था और प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ भाजपा ने सड़क पर उतरने का एलान किया है।

यह भी पढे : केरव गांधी के अपहरण की घटना अत्यंत चिंताजनक- काली शर्मा
शनिवार को जमशेदपुर महानगर के हजारों भाजपा कार्यकर्ता वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के समक्ष आक्रोश-प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। आये दिन अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं और शासन-प्रशासन मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने झामुमो–कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं 90 के दशक के भयावह जंगलराज की याद दिलाती हैं। औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले जमशेदपुर के व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। हेमंत सरकार जनता को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
संजीव सिन्हा ने बताया कि जनभावनाओं के आक्रोश को बल देने एवं शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता शनिवार को एसएसपी कार्यालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। इस बाबत भाजपा कार्यकर्ता सुबह 11 बजे साकची स्थित जिला कार्यालय में एकत्रित होंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय की ओर कूच करेंगे।जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से इस आक्रोश-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।










