सोशल संवाद/डेस्क: गीतांजलि गार्डन में आज गणतंत्र दिवस का पावन पर्व पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वर्किंग कमेटी के सदस्य, कॉलोनीवासी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और राष्ट्र के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। पूरे परिसर को तिरंगे और देशभक्ति के संदेशों से सजाया गया था।

यह भी पढ़ें: NTTF एवं टाटा स्टील फाउंडेशन ने मनाया 77वां गणतंत्र दिवस
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया, जिससे माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। इसके बाद वर्किंग कमेटी की ओर से विशेष संबोधन दिया गया, जिसमें वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला।

संबोधन में कहा गया कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता और भाईचारे के मूल्यों को याद करने का दिन है। वक्ताओं ने समाज में एकता और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जहां सभी ने मिलकर इडली और चाय का आनंद लिया। अंत में सामुदायिक विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।










