सोशल संवाद/डेस्क: T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान ने फिलहाल अपने फैसले को टाल दिया है। पाकिस्तान ने साफ किया है कि टूर्नामेंट में भागीदारी पर अंतिम निर्णय शुक्रवार या फिर अगले सोमवार तक लिया जाएगा। यह स्थिति बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के संभावित बहिष्कार की चर्चा के बीच बनी है।

यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: पाकिस्तान की भागीदारी पर संशय, भारत के खिलाफ खेलना मुश्किल
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। बैठक में आईसीसी से जुड़े मौजूदा हालात और पाकिस्तान के सामने मौजूद सभी विकल्पों पर विस्तार से चर्चा हुई। नकवी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर विचार कर फैसला लेने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। बांग्लादेश ने भारत के बजाय श्रीलंका में मैच कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान बांग्लादेश के समर्थन में कड़ा रुख अपनाने पर विचार कर रहा है। पीटीआई के मुताबिक, विकल्पों में पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप से हटना या 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार भी शामिल है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान का पहला मुकाबला 7 फरवरी को नीदरलैंड्स से कोलंबो में होना है। इसके बाद टीम अमेरिका, भारत और नामीबिया से भिड़ेगी। पीसीबी ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर सलमान अली आगा को कप्तान बनाया है।










