सोशल संवाद / डेस्क : अगर आपका WiFi बार-बार स्लो हो जाता है और वीडियो स्ट्रीमिंग या ऑनलाइन गेमिंग में दिक्कत आती है, तो हर बार महंगा इंटरनेट प्लान लेना जरूरी नहीं है। कई बार WiFi की स्लो स्पीड की सबसे बड़ी वजह होती है राउटर की गलत प्लेसमेंट। सही जगह पर राउटर रखने से बिना एक भी पैसा खर्च किए इंटरनेट स्पीड बेहतर की जा सकती है।

यह भी पढे : ChatGPT बना स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और बिज़नेस के लिए समय बचाने वाला स्मार्ट डिजिटल टूल
दूरी बढ़ते ही कमजोर हो जाते हैं सिग्नल
अक्सर लोग सोचते हैं कि WiFi बल्ब की रोशनी की तरह पूरे घर में बराबर फैलता है, लेकिन ऐसा नहीं है। WiFi सिग्नल दूरी बढ़ने के साथ कमजोर होते जाते हैं। अगर राउटर और डिवाइस के बीच ज्यादा दूरी है, तो इंटरनेट स्लो होना तय है। इसलिए राउटर को ऐसी जगह रखें, जहां से सभी डिवाइस पास हों।
दीवारें और फर्नीचर भी बनते हैं बाधा
घर की मोटी दीवारें, फर्श और भारी फर्नीचर WiFi सिग्नल को काफी हद तक रोक देते हैं। हर सॉलिड चीज सिग्नल को कमजोर करती है। अगर राउटर एक कमरे में है और आप दूसरे फ्लोर पर इंटरनेट चला रहे हैं, तो स्पीड कम मिलना स्वाभाविक है।
राउटर रखने की सही जगह कौन-सी है?
कई लोग राउटर को टीवी, फ्रिज या अलमारी के पीछे छुपा देते हैं, जिससे सिग्नल और कमजोर हो जाते हैं। बेहतर होगा कि राउटर को घर के बीचों-बीच किसी ऊंची जगह पर रखा जाए। इससे सिग्नल चारों तरफ अच्छे से फैलते हैं।
बड़े घर के लिए क्या करें?
अगर आपका घर या ऑफिस बड़ा है, तो WiFi एक्सटेंडर या मेश WiFi सिस्टम का इस्तेमाल करना फायदेमंद रहेगा। इससे हर कोने में अच्छी स्पीड मिलती है।










