---Advertisement---

दिल्ली की बारिश का झारखंड पर असर, 30 जनवरी के बाद बदलेगा मौसम

By Muskan Thakur

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/राँची : झारखंड की राजधानी रांची में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी, लेकिन अब यह राहत ज्यादा दिन टिकती नजर नहीं आ रही। दिल्ली और उत्तरी भारत में हो रही अच्छी खासी बारिश का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है।

ये भी पढे : UGC विनियमन पर सुप्रीम कोर्ट की रोक सराहनीय, सरयू राय ने कहा इसे वापस लेना चाहिए

इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। जिससे ठंड एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

चार जिलों में बारिश की संभावना

रांची मौसम केंद्र के अनुसार आज राज्य के गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 25 प्रतिशत तक वर्षा दर्ज की जा सकती है। दिन के समय हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।किसानों और आम लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर खुले इलाकों में काम करने वालों को ठंड से बचाव के उपाय करने की जरूरत है।

30 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव

रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में भले ही बारिश की संभावना कम हो, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट तय मानी जा रही है। हाल के दिनों में यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे ठंड से राहत मिली थी। अब यह तापमान घटकर 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी तक पलामू और लातेहार जैसे जिलों में हल्की बारिश होती रहेगी, जबकि सेंट्रल झारखंड में शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है। 30 जनवरी के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---