सोशल संवाद / डेस्क : Apple हर साल सितंबर में नए iPhone लॉन्च करने की परंपरा के लिए जाना जाता है। पिछले कुछ वर्षों से कंपनी चार मॉडल्स की iPhone सीरीज़ पेश कर रही है, लेकिन अब इस ट्रेंड में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, Apple साल 2026 में स्टैंडर्ड iPhone 18 लॉन्च नहीं कर सकता और इसका इंतज़ार 2027 तक बढ़ सकता है।

यह भी पढे : Samsung Galaxy Z TriFold अमेरिका में सोल्ड आउट, महंगी कीमत के बावजूद जबरदस्त डिमांड
चिप की कमी और बढ़ती लागत बनी बड़ी वजह
Nikkei Asia की रिपोर्ट के अनुसार, Apple इस समय मेमोरी चिप्स और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतों से जूझ रहा है। सप्लाई चेन पर दबाव और प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ने की वजह से कंपनी अपने रिसोर्सेज को प्रीमियम iPhone मॉडल्स पर फोकस करना चाहती है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन्हीं कारणों से iPhone 18 को 2027 की पहली छमाही तक टाला जा सकता है, जिससे Apple को सप्लाई चेन से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी।
फोल्डेबल iPhone भी लॉन्च प्लान बदलने की वजह
iPhone 18 में देरी की एक अहम वजह Apple का पहला Foldable iPhone भी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस डिवाइस के लिए नई मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी और एडवांस मटेरियल्स की जरूरत होगी।
बड़े स्तर पर प्रोडक्शन शुरू करने से पहले Apple किसी भी तकनीकी रिस्क से बचना चाहता है, इसलिए कंपनी अपने iPhone लॉन्च शेड्यूल में बदलाव कर रही है।

पहले भी मिल चुके हैं देरी के संकेत
यह पहली बार नहीं है जब iPhone 18 के लेट लॉन्च की बात सामने आई हो। इससे पहले Bloomberg के मार्क गुरमन, The Information और मशहूर एनालिस्ट मिंग-ची कुओ भी संकेत दे चुके हैं कि Apple 2026 में iPhone 18 लॉन्च नहीं करेगा। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि iPhone 18e मॉडल को 2027 की शुरुआत में उतारा जा सकता है।
iPhone 18 में क्या हो सकते हैं बड़े बदलाव
लीक्स की मानें तो Apple लागत कम करने के लिए iPhone 18 में कुछ हार्डवेयर बदलाव कर सकता है।
- कैमरा कंट्रोल बटन को पहले से ज्यादा सिंपल किया जा सकता है
- कैपेसिटिव टच सेंसर हटाया जा सकता है
- फोन में 12GB RAM मिलने की संभावना है, जो मौजूदा 8GB RAM से बड़ा अपग्रेड होगा
- फ्रंट कैमरा 24MP का हो सकता है, जो पहले 18MP बताया जा रहा था

Apple के अपकमिंग iPhone मॉडल्स की लिस्ट
रिपोर्ट के अनुसार, Apple के पास फिलहाल कम से कम पांच नए iPhone मॉडल्स डेवलपमेंट में हैं, जिनमें शामिल हैं:
- iPhone Air 2
- स्टैंडर्ड iPhone 18
- iPhone 18 Pro
- iPhone 18 Pro Max
- iPhone Fold
हालांकि, iPhone Air 2 की शिपमेंट को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।
2026 के सितंबर Apple इवेंट में क्या होगा लॉन्च
रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone Air 2 की शिपमेंट 2026 में शुरू होने की संभावना कम है। ऐसे में सितंबर 2026 के Apple लॉन्च इवेंट में iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और Foldable iPhone के लॉन्च की उम्मीद ज्यादा है। वहीं, कुछ पुराने लीक्स के अनुसार iPhone Air 2 को iPhone 19 सीरीज़ के साथ सितंबर 2027 में लॉन्च किया जा सकता है।










