सोशल संवाद/डेस्क : भारतीय रेलवे में करियर बनाने की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने देश भर के 17 रेल जोनों में सहायक लोको पायलट (ALP) के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 11,127 पदों पर बहाली की जाएगी। खास बात यह है कि रिक्तियों के मामले में दक्षिण पूर्व रेलवे (SER), जिसमें चक्रधरपुर और टाटानगर जैसे महत्वपूर्ण मंडल शामिल हैं, पूरे देश में दूसरे स्थान पर है।

ये भी पढे : जमशेदपुर निकाय चुनाव में मतदान की तैयारियां पूरी, चुनावी रण के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना
दक्षिण पूर्व रेलवे में रोजगार का बड़ा अवसर
रेल मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे में 1,531 पदों पर भर्ती की जाएगी। ईस्ट कोस्ट रेलवे (1,625 पद) के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे ही वह जोन है जहां सबसे अधिक लोको पायलटों की आवश्यकता है। मंत्रालय ने ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) के माध्यम से गहन समीक्षा के बाद इन रिक्तियों को भरने का आदेश जारी किया है।
रेलवे बोर्ड से मिली हरी झंडी
रेल मंत्रालय के इस निर्णय के बाद रेलवे बोर्ड ने भी अपनी आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है। सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट (Centralized Employment) के माध्यम से लेवल-2 के इन पदों के लिए जोन वार चयन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बहाली से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि ट्रेनों के परिचालन में सुरक्षा और समयबद्धता को और अधिक मजबूती मिलेगी।
प्रमुख जोनों में रिक्तियों का विवरण भर्ती सूची में विभिन्न जोनों की स्थिति इस प्रकार है
जोन पदों की संख्या
ईस्ट कोस्ट रेलवे 1,625
दक्षिण पूर्व रेलवे 1,531
सेंट्रल रेलवे 1,400
उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे 1,276
उत्तर रेलवे 740
पूर्व मध्य रेलवे 700
इसके अलावा, चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) में भी 06 पदों पर बहाली की जाएगी। रेल मंत्रालय का उद्देश्य इंडेंट मैनेजमेंट मॉड्यूल के जरिए रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरकर रेल परिचालन की दक्षता को बढ़ाना है।










