सोशल संवाद / रांची : सहिया कर्मियों को होली से पहले 10 महीनों से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जायेगा. इससे 42,464 सहिया कर्मी लाभान्वित होंगे. स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी जिलों के सिविल सर्जनों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक की बकाया प्रोत्साहन राशि होली से पहले जारी की जानी है.

यह भी पढ़े : Harmu Plot विवाद में धोनी को नोटिस, 15 दिन में जवाब नहीं तो रद्द हो सकता है आवंटन
राज्य के ग्रामीण इलाकों में 39,964 और शहरी क्षेत्रों में 2500 सहिया काम कर रही हैं. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत ग्रामीण स्तरीय सहिया (आशा), सहिया साथी एवं स्वतंत्र साधन सेवी का होली के पहले भुगतान होना है. जिलावार विभागीय आवंटन दिया गया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 97,66,07,529 रुपये पीएल खाता में उपलब्ध कराया है.
फरवरी तक सहिया ऐप में सूचीबद्ध करने का निर्देश :
सहिया सैल के प्रभारी पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को सभी सहिया को 15 फरवरी तक सहिया ऐप में सूचीबद्ध करने को कहा है, ताकि फील्ड में काम करने वाली सहिया की वास्तविक स्थिति के बारे में पता लगाया जा सके. फिलहाल राज्य के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा सहिया काम कर रही हैं. अर्बन हेल्थ सेंटर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी शहरी आबादी के बीच 2500 की जगह 3000 करने की तैयारी है. स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए 500 नये सहिया साथी का चयन होना है.









