---Advertisement---

JDU झारखंड की कमान फिर खीरू महतो के हाथ, तीसरी बार निर्विरोध बने प्रदेश अध्यक्ष

By Aditi Pandey

Published :

Follow
JDU Jharkhand command once again in the hands of Khiru Mahato

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के संगठनात्मक चुनाव के तहत पार्टी की कमान एक बार फिर खीरू महतो को सौंप दी गई है। वह लगातार तीसरी बार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। खास बात यह रही कि उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी का धरना दूसरे दिन भी जारी: रातभर धरनास्थल पर रहीं

पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार की देखरेख में पूरी की गई। इस दौरान उन्हें आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ कई जिलों के अध्यक्षों और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से राज्य परिषद सदस्यों का भी चयन किया गया।

निर्वाचन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खीरू महतो को बधाई देते हुए उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

खीरू महतो ने बताया कि जिन जिलों में अभी सदस्यता अभियान पूरा नहीं हो पाया है, वहां जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर जिला अध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संसद के बजट सत्र के समाप्त होने के बाद संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस बार प्रदेश कमेटी को छोटा रखा जाएगा और संगठन में सक्रिय रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और उनके फैसलों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने झारखंड में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करने की अपील की।

संगठनात्मक चुनाव के तहत कई जिलों में नए जिला अध्यक्ष भी चुने गए। इनमें रांची से तेतरा महतो, धनबाद से पिंटू सिंह, गोड्डा से चंद्रधर सिंह चुन्नू, पाकुड़ से गौतम मंडल, हजारीबाग से प्रभुदयाल महतो, रामगढ़ से ज्योतिंद्र साहू, बोकारो से प्रदीप महतो और चतरा से रामाशीष डांगी शामिल हैं।

इसके अलावा पलामू से मनोज दुबे, जमशेदपुर से सुबोध श्रीवास्तव, साहेबगंज से सुनील सिन्हा, दुमका से उदय सिंह, सिमडेगा से सुनील नायक, कोडरमा से कृष्णा सिंह घटवार, जमशेदपुर महानगर से अजय कुमार और रांची महानगर से अखिलेश राय को भी जिला अध्यक्ष चुना गया। खीरू महतो के दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और संगठन को आगे बढ़ाने के लिए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---