सोशल संवाद / चक्रधरपुर / पश्चिमी सिंहभूम: हाल के दिनों में विभिन्न गांवों में “बच्चा चोर” की अफवाह फैलाकर बाहरी अथवा नए लोगों पर संदेह कर उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इससे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

ये भी पढे : 14 मार्च से रांची-अयोध्या के लिए चलेगी सीधी ट्रेन: हर शुक्रवार पुरुलिया से शाम 5 बजे होगी रवाना
इस प्रकार की अफवाहें समाज में आपसी अविश्वास को बढ़ाती हैं और किसी भी समय गंभीर सामाजिक टकराव तथा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकती हैं। कई बार निर्दोष लोग भीड़ के संदेह का शिकार होकर हिंसा का शिकार हो जाते हैं, जो मानवाधिकार और कानून दोनों के विरुद्ध है।
इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने तथा अफवाह फैलाने वालों और कानून को हाथ में लेकर मारपीट करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही प्रशासन से गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील करने का अनुरोध किया गया है।
पीड़ित युवक का नाम मोहम्मद वसीम (गुडु )है जो कोलसाई अंसार नगर चक्रधरपुर का रहने वाला है जिसके साथ इटोर गाँव में मारपीट हुई पीड़ित के अनुसार उसका भाई दो साल से लापता है और उसकी तलाश में वह गाँव पहुँच गया जहाँ उसके साथ बच्चा चोर के नाम से मारपीट की घटना हुई । गुड्डू मानसिक रूप से भी बीमार है ।
प्रशासन से अपेक्षा है कि इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र कार्रवाई करे, ताकि निर्दोष लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बना रहे।









