सोशल संवाद / जमशेदपुर: गुड़गांव में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को हरियाणा सरकार की ओर से 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। इस पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरियाणा सरकार का आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के पार्थिव शरीर तीन एंबुलेंस और एस्कॉर्ट गाड़ियों के साथ झारखंड भेजे गए हैं, ताकि उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक स्थान पर किया जा सके।

सरकारी प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी शेष राशि
बताया गया है कि मुआवजे की कुल राशि में से 1 लाख रुपये तत्काल सहायता के रूप में दिए गए हैं, जबकि बाकी 19 लाख रुपये सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के परिजनों को प्रदान किए जाएंगे।
सांसद ने जताया हरियाणा सरकार का आभार
सांसद विद्युत वरण महतो ने इस पहल के लिए हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर शेष मुआवजा भी परिवारों को दिया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के कई श्रमिकों की मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार पीड़ित परिवारों की मदद में जुटे हुए हैं।










