सोशल संवाद / डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की मौजूदगी में जिला स्तरीय अनुकंपा/अनुग्रह अनुदान(उग्रवादी हिंसा) समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

यह भी पढे : निगम का दरवाजा हर आदमी के लिए खुला, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से समस्याओं का होगा निपटारा : सुधा गुप्ता

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में उग्रवादी हिंसा से पीड़ित 7 व्यक्ति के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति सहित अनुग्रह अनुदान से आच्छादित किया गया है। आज के बैठक में समिति के समक्ष कुल 4 नए मामले उपस्थापित किए गए, जिसमें से तीन(3) अनुकंपा नियुक्ति/अनुग्रह अनुदान एवं एक(1) अनुग्रह अनुदान से संबंधित हैं। इस दौरान वरीय पदाधिकारी के द्वारा आवेदन में संलग्न दस्तावेजों का क्रमवार संवीक्षा कर अग्रेतर कार्रवाई हेतु अनुशंसित किया गया।
बैठक के उपरांत बताया गया कि जिला स्तरीय अनुकंपा/अनुग्रह अनुदान(उग्रवादी हिंसा) समिति की बैठक में पूर्व के 10 व आज प्रस्तुत 4 सहित कुल 14 मामलों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का निर्धारित मानकों के आधार पर क्रमवार जांच किया गया है। इस दौरान 10 आवेदनों में वांछित दस्तावेजों की अनुपलब्धता के कारण उपायुक्त के द्वारा संलग्न अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को यथाशीघ्र आवश्यक सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा उग्रवादी हिंसा से संबंधित 24 नए मामले के संदर्भ में उपायुक्त के द्वारा संलग्न पदाधिकारी को तय समय में शिविर आयोजित कर दस्तावेजीकरण कार्य को पूर्ण कराते हुए समिति के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।
उक्त बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकट्टा, सामान्य शाखा प्रभारी देवेंद्र कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, स्थापना शाखा प्रभारी कुमार हर्ष, गोईलकेरा अंचलाधिकारी विवेक कुमार, बंदगांव अंचलाधिकारी सहित अन्य उपस्थिति रहे।










