सोशल संवाद/डेस्क: बुड़ामारा चाकुलिया रेल लाइन परियोजना क्रियान्वयन हेतु भूमि अर्जन से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय रैयतों के साथ संवाद स्थापित करने एवं उनकी आपत्तियों के समाधान के लिए शुक्रवार को संबंधित गांवों में ग्राम सभा आयोजित की गई।

यह भी पढ़ें: Highway Toll Rules: बिना भुगतान गुजरने पर अब दोगुना शुल्क, 17 मार्च से लागू नया सिस्टम
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम श्रीमती गुंजन सिन्हा की अध्यक्षता मौजा भूरशान, खैरबनी, टोभाबनी, गौरांगपुर, मौदा एवं हिजली में ग्राम सभा की गई। ग्राम सभा के दौरान रैयतों को परियोजना की आवश्यकता, संभावित लाभों तथा भूमि अर्जन प्रक्रिया से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में उपस्थित रैयतों ने भूमि अर्जन को लेकर अपनी जिज्ञासाएं एवं आशंकाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान का भरोसा दिलाया गया। विस्तृत चर्चा के बाद सभी रैयतों ने निर्माण कार्य के लिए अपनी सहमति प्रदान की।
ग्राम सभा में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के अलावे अंचल अधिकारी, बहरागोड़ा तथा दक्षिण पूर्व रेलवे, खड़गपुर के सहायक अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी व भूरशान, खैरबनी, टोभाबनी, गौरांगपुर, मौदा एवं हिजली के ग्रामीण उपस्थित थे।









