सोशल संवाद/डेस्क: रांची-लोहरदगा रेलखंड पर नई ट्रेन शुरू करने की दिशा में रेलवे ने कदम बढ़ा दिए हैं। इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही इस पर मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हटिया स्थित रेलमंडल कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में डीआरएम करुणानिधि सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी अब रांची रेलमंडल को मिल चुकी है, जिससे इस पूरे रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें: लाइन ब्लॉक का असर: टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस का रूट बदला, यात्रियों को होगी परेशानी
रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिस्का, मुरी और लोहरदगा स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं रांची स्टेशन के यार्ड का रिमॉडलिंग कार्य भी पूरा हो गया है और लोहरदगा दिशा में अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और नई लाइन विकसित की जा रही है, जिसका अंतिम चरण बाकी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया। तीन नई रेल लाइनें जोड़ी गईं, जबकि इस वर्ष दो और लाइनें बनाने की योजना है। इसके अलावा 87 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण किया गया और सभी स्टेशनों पर पैसेंजर सूचना सिस्टम लगाया गया है।
इन सुधारों का सीधा असर यात्रियों पर दिख रहा है। रेलवे के मुताबिक, यात्री संख्या में 2.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि सिग्नलिंग फेल्योर में 12 प्रतिशत की कमी आई है। इससे साफ है कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में रेल सेवाएं लगातार बेहतर और सुरक्षित होती जा रही हैं।









