---Advertisement---

राम मंदिर दर्शन के लिए नई एडवाइजरी जारी, भारतीय परिधान पहनने की ट्रस्ट ने की अपील

By Muskan Thakur

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/डेस्क : अयोध्या के श्री राम मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नई एडवाइजरी जारी की गई है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं से मंदिर में भारतीय पारंपरिक परिधान पहनकर आने की अपील भी की गई है।

ये भी पढे : राघव चड्ढा विवादित मुलाकात पर फिर सवाल, विपक्ष ने BJP पर साधा निशाना

ट्रस्ट ने कहा है कि पुरुष श्रद्धालु धोती-कुर्ता, धोती-पायजामा या पारंपरिक भारतीय वस्त्र पहनकर आएं। वहीं महिलाओं से साड़ी, पंजाबी ड्रेस या चूड़ीदार-दुपट्टा पहनने का आग्रह किया गया है। हालांकि इसे अनिवार्य नहीं किया गया है, लेकिन ट्रस्ट का कहना है कि इससे मंदिर की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा बनी रहेगी।

ऑनलाइन दर्शन पास में बदलाव

राम मंदिर ट्रस्ट ने ऑनलाइन दर्शन पास बुकिंग प्रणाली में भी बदलाव किया है। अब वेबसाइट पर सामान्य दर्शन पास के साथ अन्य श्रेणियों के विकल्प भी जोड़े गए हैं, जिससे श्रद्धालु अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार पास का चयन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार, सुगम और विशिष्ट दर्शन पास की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

सामान्य दर्शन पास लेने वाले श्रद्धालु रामलला, राम दरबार, सप्त ऋषि मंदिर और शेषावतार कुबेर टीला मंदिर तक दर्शन कर सकते हैं। वहीं सुगम और विशिष्ट पास धारकों को परकोटा क्षेत्र के छह मंदिरों सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा मिलेगी।

हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे

राम मंदिर में रोजाना भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार लोग दर्शन पास के माध्यम से मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में दोपहर के समय भीड़ कुछ कम हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कई व्यवस्थाएं मजबूत की हैं। खासतौर पर बाहर से आने वाले लोगों के लिए यातायात और प्रवेश व्यवस्था को आसान बनाया गया है।

येलो जोन पास से राहत

पहले श्रद्धालुओं को टेढ़ी बाजार क्षेत्र से आगे वाहन ले जाने की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण लोगों को करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। लेकिन अब येलो जोन पास की सुविधा मिलने से वाहन मंदिर के पास तक पहुंच सकते हैं। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बड़ी राहत मिली है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को कम समय में और कम परेशानी के साथ दर्शन का मौका मिल रहा है। परिवार के साथ आने वालों के लिए भी सुविधा बढ़ाई गई है, क्योंकि सामान्य दर्शन पास पर एक साथ पांच लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।

सुगम दर्शन पास फुल

राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, सुगम दर्शन पास की सभी बुकिंग 8 मई तक फुल हो चुकी हैं। हालांकि ट्रस्ट इस पर विचार कर रहा है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पास की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सुविधा का लाभ उठा सकें।

29 अप्रैल को विशेष कार्यक्रम

ट्रस्ट ने बताया कि 29 अप्रैल को परकोटा स्थित शिव मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। कार्यक्रम में करीब एक हजार राम भक्तों को आमंत्रित किया गया है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---