सोशल संवाद / डेस्क : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन उस दर्दनाक घटना के खिलाफ था, जिसमें मोबाइल की रोशनी में प्रसव कराने की कोशिश के दौरान माँ विनीता बानरा और उनके नवजात शिशु की मौत हो गई।

यह भी पढे : सरायकेला में PLVs प्रशिक्षण, कानूनों की जानकारी से मजबूत होगी न्याय तक पहुंच और सेवा क्षमता

भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इसे “संस्थागत हत्या” बताया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। भाजपा ने इस घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने और कड़ी सजा देने की मांग की है।
इसके साथ ही पार्टी ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कई स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।









