सोशल संवाद/सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया।

ये भी पढे : बिहार में TRE-4 नोटिफिकेशन मांग रहे स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज
जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड के लाल बिल्डिंग के समीप सड़क अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत प्रमुख रूप से उठी। इसके अलावा चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति एवं संपर्क पथ की मरम्मत, धान अधिप्राप्ति, राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन तथा ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही बालू उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर भी आवेदन सौंपे गए।
वहीं राजनगर प्रखंड में जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम एवं संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई। आदित्यपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र मांझी टोला में सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत भी जनता दरबार में दर्ज कराई गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति एवं जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई मामलों को लेकर भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।









