सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 18 मई से 23 मई तक झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय रहेंगी, जिससे कई इलाकों में गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि तेज आंधी, वज्रपात और हीटवेव को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढे : सरायकेला के मुरुप स्थित अर्जुन लाइब्रेरी भवन जर्जर, ग्रामीणों ने की मरम्मत और जीर्णोद्धार की मांग
धनबाद और गिरिडीह में ऑरेंज अलर्ट जारी
रांची मौसम केंद्र ने धनबाद और गिरिडीह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर, दुमका और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को राज्य के नौ जिलों में खराब मौसम को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पलामू और गढ़वा में हीटवेव जैसे हालात
जहां राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, वहीं पलामू और गढ़वा में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
डालटनगंज में उमस और तेज धूप का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। वहीं रांची का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री, हजारीबाग 37 डिग्री, जमशेदपुर 42 डिग्री और पलामू 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
50 KM प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
दुमका, देवघर और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जिससे सुबह और शाम के समय मौसम अपेाकृत सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई जिलों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना बनी हुई है।










