सोशल संवाद / डेस्क : चक्रधरपुर के खेल इतिहास में पहली बार आयोजित चक्रधरपुर प्रीमियर लीग (CPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन रविवार को इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में हुआ। लट्टू ओरांव कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सिंघानिया टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधरपुर सुपर किंग्स (CSK) को हराकर पहला CPL खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं। डीआरएम की मौजूदगी में हुए टॉस में चक्रधरपुर सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बेहद खास अंदाज में हुई। डीआरएम तरुण हुरिया ने मैदान में बल्लेबाजी कर मैच का उद्घाटन किया। वहीं आयोजन के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और स्टेडियम में उत्साह का माहौल बना दिया।
फाइनल में सिंघानिया टाइटंस का शानदार प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर सुपर किंग्स की टीम निर्धारित ओवरों में सिर्फ 56 रन ही बना सकी। जवाब में सिंघानिया टाइटंस ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट शेष रहते मुकाबला आसानी से जीत लिया। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों ने मैदान में जमकर जश्न मनाया।
डेविड सांगा बने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज
टूर्नामेंट के समापन समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन के लिए डेविड सांगा को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 284 रन बनाने वाले आदित्य लोहारा को बेस्ट ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया।
विजेता टीम को मिला 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार
रनर-अप रही चक्रधरपुर सुपर किंग्स को एडीआरएम द्वारा 1 लाख 50 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं विजेता सिंघानिया टाइटंस टीम को डीआरएम तरुण हुरिया और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने संयुक्त रूप से 2 लाख 50 हजार रुपये का चेक और विजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
चक्रधरपुर में क्रिकेट प्रतिभाओं को मिला नया मंच
पहली बार आयोजित CPL क्रिकेट टूर्नामेंट की सफलता से चक्रधरपुर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है। इस आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।










