Responsive Full Width Slider

मुखमेलपुर का पार्क सिर्फ हरित क्षेत्र नहीं, सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा: सीएम रेखा गुप्ता

By Riya Kumari

Published :

Follow
मुखमेलपुर का पार्क सिर्फ हरित क्षेत्र नहीं, सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा: सीएम रेखा गुप्ता

Join WhatsApp

Join Now

 सोशल संवाद / नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में करीब 3 एकड़ में बनने वाले एक ऑक्सजीन पार्क का शिलान्यास किया। यह पार्क स्थानीय लोगों को हरियाली, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्क के निर्माण के लिए वन विभाग ने एक करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी विधायक निधि/विवेकाधीन मद से भी एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस, आकर्षक और दिल्ली के बेहतरीन पार्कों में शामिल होने योग्य बनाया जाए।

ये भी पढे : पार्षद निधि की पहली किस्त जारी, अब वार्डों में विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार: सत्या शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित दिल्ली के निर्माण में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुखमेलपुर में विकसित होने वाला यह पार्क केवल एक हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि यह स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा। दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर राजधानी में अधिक से अधिक हरित क्षेत्रों के विकास, पार्कों के आधुनिकीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। बढ़ती शहरी आबादी के बीच ऐसे सार्वजनिक स्थान नागरिकों को प्रकृति से जोड़ने, तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस ऑक्सीजन पार्क में लोगों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक और ऊर्जा दक्ष लाइटिंग, बैठने और आराम करने के लिए हट, सुंदर तालाब तथा विभिन्न प्रजातियों के छायादार पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्क में पर्याप्त हरित क्षेत्र और खुले स्थान भी विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद मुखमेलपुर के साथ-साथ जिंदपुर, बख्तावरपुर, हिरणकी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के लिए यह पार्क सैर, व्यायाम, योग, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों का एक आदर्श केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली सरकार 70 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और हैज लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऑक्सीजन पार्क, वृक्षारोपण अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य प्रयास दिल्ली को अधिक स्वच्छ, हरित और रहने योग्य राजधानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत-विकसित दिल्ली के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मौजूद गंदे नाले को ढकने और अन्य स्थानीय विकास कार्यों के लिए भी आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सांसद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन से संबंधित कार्य शामिल हैं। क्षेत्र की जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गांवों और बाहरी दिल्ली के क्षेत्रों में सड़क, नाला, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी करीब 10,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि बुराड़ी अस्पताल में नई चिकित्सा मशीनें लगाई गई हैं और डायलिसिस सुविधाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े वाहन फिटनेस केंद्र को आधुनिक ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर प्रवेश वाही सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट