सोशल संवाद/डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “प्रोजेक्ट जागृति” के तहत रविवार, 24 मई 2026 को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिले को रक्त युक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष अभियान में आम लोगों, पुलिस जवानों, सरकारी कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ये भी पढे : विजय टू लौह अयस्क खादान के पुनः खुलने की खबर को लेकर झारखंड मजदूर युनियन बराइबुरू ईकाई का बैठक संपन्न।
रक्तदान दिवस के अवसर पर मनीष कुमार ने सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचकर रक्तदान शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। सभी स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद उन्होंने स्वयं भी रक्तदान किया। इस दौरान प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जय राजू ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित शिविर में करीब 200 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 358 लोगों ने भविष्य में रक्तदान के लिए अपना पंजीकरण कराया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान और जीवनदान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में रक्त की कमी के कारण थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, सड़क दुर्घटना में घायल लोगों और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए “प्रोजेक्ट जागृति” के तहत हर महीने की 8 और 24 तारीख को रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार इस बार रक्तदान करने वाले लगभग 70 प्रतिशत लोग पहली बार रक्तदान कर रहे थे। इससे यह संकेत मिलता है कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और भ्रांतियां धीरे-धीरे दूर हो रही हैं।उपायुक्त ने विशेष रूप से जेएसएलपीएस की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सराहना की, जो टोंटो जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आकर रक्तदान कर रही हैं।
टोंटो प्रखंड के गराहातु गांव से सदर अस्पताल पहुंचीं स्वधीना तुबिद ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रक्तदान करने का निर्णय लिया।स्वधीना तुबिद ने कहा कि शुरुआत में उनके मन में कई शंकाएं थीं, लेकिन अस्पताल की नर्सों से बातचीत के बाद सभी भ्रम दूर हो गए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने रक्तदान किया।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिले में रक्त की कमी को दूर करने के लिए सभी को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। जरूरत के समय में खून तभी मिलेगा, जब हम सभी स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे।










