सोशल संवाद / नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय खरीद एजेंसी (CPA) में व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।

यह भी पढे : इसी सप्ताह चालू होगा विक्रमशिला सेतु, 30 नवंबर तक पूरी मरम्मत, सीएम सम्राट चौधरी दिये निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवासियों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
10 डॉक्टरों समेत कई अधिकारियों का तबादला
मुख्यमंत्री के अनुसार, सीपीए में कार्यरत हेड ऑफ ऑफिस (HOO) डॉ. विनोद कुमार रंगा सहित 10 डॉक्टरों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 20 पैरामेडिकल कर्मचारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें फार्मासिस्ट, जूनियर मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब अटेंडेंट और ड्राइवर शामिल हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था को भी किया गया मजबूत
प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्शन ऑफिसर, सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट स्तर के 10 कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है। मानव संसाधन समीक्षा के दौरान उन कर्मचारियों का भी आकलन किया गया जो सीपीए के वेतनमान पर कार्यरत हैं, लेकिन अन्य कार्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य सामग्री की खरीद और आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय खरीद एजेंसी दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जहां से दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की खरीद एवं आपूर्ति का कार्य संचालित होता है। इस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से अनुभवी अधिकारियों को सीपीए में नियुक्त किया गया है।
इस प्रक्रिया के तहत 12 चिकित्सा अधिकारियों को सीपीए में तैनात किया गया है। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनके जुड़ने से खरीद, भंडारण, वितरण और प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।
कई महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई
सरकार ने विभागीय कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी हैं। प्रोजेक्ट ब्रांच, केयरटेकिंग ब्रांच, स्टोर एवं परचेज ब्रांच, कंप्यूटर सेल, मोबाइल हेल्थ स्कीम, पीजीएमएस, आरटीआई, चाइल्ड राइट्स, हेल्थ मेला और अस्पताल समन्वय जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों के संचालन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य विभाग की प्रत्येक इकाई को पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने और संस्थागत क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद एवं आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सक्षम और पारदर्शी हो, ताकि दिल्लीवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकें।









