सोशल संवाद / जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड (RKFL) के प्लांट-5, कोलाबीरा में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” को केंद्र में रखते हुए कंपनी परिसर में 105 पौधों का रोपण किया गया तथा कर्मचारियों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) शक्ति सेनापति, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (CHRO) भूपेंद्र लोधी एवं प्लांट हेड कृष्ण कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को अपनाने की शपथ भी ली।

पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शक्ति सेनापति और भूपेंद्र लोधी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदतों और कार्य संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं प्लांट हेड कृष्ण कुमार झा ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य में निवेश के समान है। उन्होंने कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।
कर्मचारियों ने लिया हरित भविष्य निर्माण का संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एचआर हेड सत्यरंजन खटुआ ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियान न केवल हरित वातावरण के निर्माण में सहायक होते हैं, बल्कि कर्मचारियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरणीय जागरूकता को भी मजबूत करते हैं।
इस अभियान का नेतृत्व ईएचएस हेड नवीन सिन्हा ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में आदित्य प्रकाश, सत्य प्रकाश गुप्ता, ललन सिंह, तपस पाल, आजाद महतो, राजकमल और पुरुषोत्तम सिंहदेव का विशेष योगदान रहा।

बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
वृक्षारोपण अभियान में कंपनी के अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख रूप से कुलदीप सिंह, रणवीर सिंह तोमर, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, अनुप कुमार, अटल मिश्रा, प्रणव साहा, रवि कुमार, देवानंद राय, भावेंद्र झा, रवींद्र यादव, संतोष तिवारी, उज्ज्वल पात्रा, राकेश सिंह, रजनी कुमारी, धर्मवीर कुमार, मनीष कुमार और अभिजीत झा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कंपनी प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।









